मौन की शक्ति

मौन आत्म चिंतन है

मौन आत्म ज्ञान है

वाणी में यदि मौन है

मौन वह सशक्त है ।

मौन व्यक्तित्व है

मौन स्वयं में समर्थ है

मौन के भार से तो

शब्द भी स्तब्ध है ।

मौन में विश्राम है

विश्राम ही एकांत है

एकांत में ही ध्यान है

ध्यान में भी मौन है ।

मौन में विरक्ति है

बुद्धत्व की शक्ति है

मौन एक उपासना है

मौन एक साधना है ।

साधना में ईश्वरत्व है

ईश्वरत्व में कल्याण है

मौन की शक्ति तो

मौन में ही व्याप्त है ।

Leave a Comment