भोले बाबा की होली

भोले बाबा की होली ✍️

डम डम बाबा डमरू बजाये खेलत होली काशी में

ठुमक ठुमक कर नंदी नाचे धूम मचाये काशी में ॥

शमशाने की भस्म लगाये

दिगम्बर का रुप बनाये

मणिकर्णिका घाट पर

खेलत होली भोले बाबा काशी में।

नटराज तांडव नृत्य दिखाये

संगीत मय मृदंग ध्वनि सुनाये

झूम झूम कर शिव गण नाचे

खेलत होली भोले बाबा काशी में।

वासुकि प्रभु के गले फुँकारे

अपनी धुन में शिवशंकर नाचे,

जड़ चेतन प्रकृति आनंदित झूमे

खेलत होली भोले बाबा काशी में ।

गन्धर्व, किन्नर, संग संग झूमें

सुर ब्रह्मादिक नभ पुष्प बरसायें,

बाबा की अनुपम छवि निहारें

खेलत होली भोले बाबा काशी में।

शिर ज्ञान गंगा, अर्धचन्द्र ललाट सोहे

कंठ मुंड माला लटकाये,

मंद मंद मुस्कान, चित्त को भाये

खेलत होली भोले बाबा काशी में ।

Leave a Comment